नीमच। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना जीरन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा 6 क्विंटल 10 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को जीरन पुलिस द्वारा महू-नीमच रोड स्थित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के सामने नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान टाटा ट्रक क्रमांक पीबी 46 एम 8111 को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मनजिंदर सिंह पिता गुरचरण सिंह (47 वर्ष), निवासी तखतमाल, थाना चबाड, जिला तरणतारण (पंजाब) बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर अजवाइन के पैकेटों के नीचे छिपाकर रखे 31 प्लास्टिक कट्टों में भरा 610 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा मादक पदार्थ के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जप्त सामग्री-
31 प्लास्टिक कट्टों में 6 क्विंटल 10 किलोग्राम डोडाचूरा एवं टाटा ट्रक क्रमांक पीबी 46 एम 8111।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव एवं हर्कियाखाल पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।