चित्तौड़गढ़। “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 3 किलो अवैध अफीम और 100 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्कर मादक पदार्थों को प्याज के कट्टों की आड़ में छिपाकर ले जा रहे थे।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रहे एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक में रखे प्याज के कट्टों के बीच छिपाकर रखी गई पांच थैलियों में 3 किलो अफीम और एक थैली में 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी घबराए हुए मिले, जिससे पुलिस का संदेह गहराया और दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
- लखबीर सिंह (45) निवासी तरणतारण, पंजाब
- गुरविंदर सिंह (26) निवासी तरणतारण, पंजाब
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं और पहले भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक अवैध ड्रग्स पहुंचा चुके हैं। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में एसआई सुरेश पालीवाल, एएसआई सुन्दरपाल, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत नजदीकी थाना या नारको हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर साझा करें।