चित्तौड़गढ़। भादसोड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर से 158 किलो 167 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थाना भादसोड़ा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे स्थित खोखरिया खेड़ी सर्विस रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर को रोका। तलाशी लेने पर कंटेनर में प्लास्टिक के 8 कट्टों में कुल 158 किलो 167 ग्राम अवैध डोडा चूरा मिला।
पुलिस ने मौके से विवेक पिता शांतीलाल घोघरा (21) निवासी पालदेवल, थाना सदर डूंगरपुर एवं पंकज पिता गट्टलाल रोत (35) निवासी मालचौकी, थाना चौरासी झोतरी, जिला डूंगरपुर को गिरफ्तार किया।
बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।