नीमच। जिले के मनासा क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को बेटी जन्म देने के बाद कथित रूप से प्रताड़ित करने और जहर देकर मारने के प्रयास का आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और जिला चिकित्सालय में उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धरमपुरा प्लाट का खेड़ा निवासी लालसिंह चंदेल ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसकी बहन किरण का विवाह मनासा तहसील के देपालपुरा पिपलिया खंडी निवासी दीपक के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि विवाह के करीब ढाई वर्ष बाद जब किरण ने पुत्री को जन्म दिया, तब से ससुराल पक्ष द्वारा उसे “वारिस नहीं देने” के ताने देकर प्रताड़ना और बढ़ा दी गई। कई बार मारपीट एवं जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। समाज स्तर पर समझौते के प्रयास हुए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 25 अप्रैल की सुबह ससुराल पक्ष ने भोजन में जहर मिलाकर किरण को जबरन खिला दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में ससुरालजन उसे शासकीय अस्पताल मनासा में भर्ती कराकर चले गए।
गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने किरण को जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़िता की 6 माह की मासूम बच्ची कुछ समय तक ससुराल पक्ष के पास रही, जिसे बाद में पुलिस की मदद से मां को सौंपा गया।
पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।