नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाड़वा खुर्द गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमीन के विवाद में एक सगे भाई ने अपने ही भाई की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी और दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भेरूलाल मीणा (30) पिता कचरूलाल मीणा के रूप में हुई है। बुधवार रात करीब 10.30 बजे घर पर ही जमीन के बंटवारे को लेकर भेरूलाल और उसके भाई नारूलाल के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।
गुस्से में आकर नारूलाल ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर भेरूलाल को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर तनाव चल रहा था, जिसमें अधिक हिस्सेदारी को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
घटना के दौरान आरोपी नारूलाल भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को राउंडअप कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
इधर, मृतक भेरूलाल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।