मंदसौर। शहर के खानपुरा क्षेत्र में रविवार देर रात मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। ईरानी चाय दुकान पर घूरने की बात को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिसमें 16 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पिता को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जाबिर हुसैन (43) और उनका पुत्र मोहम्मद इमरान (16), निवासी खानपुरा, रविवार रात अपने दोस्तों के साथ ईरानी चाय दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान अरशद नामक युवक वहां आया और इमरान पर घूरने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा।
इमरान ने बताया कि उसने कहा कि वह उसे जानता तक नहीं है, लेकिन इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अरशद ने पहले कॉलर पकड़कर उसे दुकान से बाहर ले जाकर गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की।
कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ बातचीत के दौरान विवाद और बढ़ गया। इसी बीच आरोपी के साथी फैजान ने अचानक लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में इमरान के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उसके पिता के हाथ और पैर पर भी वार किए गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इमरान के सिर में चार टांके आए हैं और पिता के हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है। दोनों का उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।