नीमच। शहर स्थित सीआरपीएफ परिसर में प्रमोशन कोर्स के लिए आए एक हेड कांस्टेबल चालक की बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम एन. रेघु पिता नील कुंदन उम्र 57 वर्ष, निवासी एजम कुल्लन्र केरल है। वे सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल चालक के पद पर पदस्थ थे और प्रमोशन कोर्स के सिलसिले में नीमच आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार तड़के करीब 3.45 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल सीआरपीएफ अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह जिला चिकित्सालय नीमच में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।