चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भादसोड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 54.28 ग्राम अवैध एमडीएमए (मोली पाउडर) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक स्वीफ्ट कार भी जब्त की है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशों के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने भादसोड़ा चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी में 54.28 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में कालूराम (उदलियास, भीलवाड़ा), शिवलाल जाट (गंगापुर, भीलवाड़ा) और रवि कुमार (नवसारी, गुजरात) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन पर दें।
