मंदसौर। जिले की पिपलियामंडी पुलिस ने सक्रियता और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर नकबजन (चोर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 1,80,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना द्वारा जिले के सभी थानों को संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी उनि मूलचंद सिंह धाकड़ के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस टीम ने सफलता हासिल की।
घटना का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26.05.2026 को फरियादी अमजद पिता बशीर खान, उम्र 44 वर्ष, निवासी बाबुखेड़ा, पिपलियामंडी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके घर से अज्ञात आरोपी द्वारा चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 135/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी इरशाद पिता इशाक कुरेशी, उम्र 24 वर्ष, निवासी बाबुखेड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनमें 03 जोड़ी चांदी की पायजेब एवं 02 चांदी की चूड़ियां शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि मूलचंद सिंह धाकड़, उनि भीम सिंह राठौड़, सउनि जसराज सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश चौहान, भूपेंद्र सिंह, आरक्षक जुगल किशोर, नरेंद्र जोशी, पुष्पराज सिंह एवं चालक आरक्षक चिन्टू मेघवाल सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।