सरवानिया महाराज। जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम जगेपुर मीणा में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने खेतों में बने कुओं से दर्जनभर से अधिक विद्युत मोटरें, स्टार्टर एवं केबल चोरी कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार सरवानिया महाराज-लासूर मुख्य मार्ग से लगे कृषि क्षेत्र में जगेपुर मीणा, धामनिया एवं सरवानिया महाराज क्षेत्र के कई किसानों के खेतों में बने कुओं से चोरों ने विद्युत मोटर, केबल व स्टार्टर चुरा लिए। इसके अलावा पाइप, रस्सी आदि भी क्षतिग्रस्त कर कुओं में डाल दिए गए।
घटना का पता शुक्रवार सुबह तब चला जब किसान नियमित रूप से खेतों पर पहुंचे। मौके पर विद्युत मोटरें, केबल एवं स्टार्टर गायब मिले, जिससे किसानों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलने पर सरवानिया चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक दर्जन से अधिक कुओं का निरीक्षण किया और पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है।
किसानों ने आशंका जताई है कि किसी संगठित चोर गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
चौकी हेड मुंशी गोविंद सिंह हाड़ा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में कुओं में पाइप टूटे हुए मिले, विद्युत मोटरें और केबल गायब थीं। मामले की जांच जारी है और तथ्य स्पष्ट किए जा रहे हैं।