मनासा। तहसील क्षेत्र के ग्राम महागढ़ में कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से सहकारी संस्था से राशि एवं खाद-बीज निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने थाना मनासा में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम महागढ़ निवासी नरेन्द्रसिंह पिता भंवरसिंह चौहान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके नाम पर कृषि भूमि दर्ज है, जिसका वे लंबे समय से उपयोग कर रहे हैं। आरोप है कि गांव के ही नारायणसिंह पिता भीमसिंह राजपूत ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया और सहकारी संस्था महागढ़ से करीब 2 लाख रुपये की राशि के साथ खाद एवं बीज प्राप्त कर लिए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कृत्य से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है तथा उनकी कृषि संबंधी जानकारी और दस्तावेजों का गलत उपयोग किया गया है। उन्होंने दोषी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
यह आवेदन 1 जून 2026 को थाना मनासा में प्रस्तुत किया गया था, जिस पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संस्था प्रबंधक का पक्ष-
महागढ़ सहकारी संस्था के प्रबंधक दशरथ सिंह ने बताया कि पूर्व में भंवरसिंह राजपूत ही नरेन्द्रसिंह के खाद-बीज एवं अन्य कार्य संस्था से करवाते थे। वर्तमान में दोनों पक्षों के संबंध खराब होने के कारण विवाद की स्थिति बनी है। यदि किसी प्रकार की राशि निकाले जाने की शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी।