नीमच। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच शनिवार सुबह एक स्कूटी चोरी का प्रयास स्थानीय नागरिकों की सतर्कता के चलते विफल हो गया। मामला मूलचंद मार्ग स्थित यादव मंडी क्षेत्र का है, जहां एक युवक कथित रूप से स्कूटी का लॉक तोड़कर उसे चुराने का प्रयास कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे प्रेम किराना दुकान के सामने खड़ी एक स्कूटी को एक युवक निशाना बना रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक स्कूटी का लॉक तोड़कर वाहन ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना तत्काल कैंट थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस द्वारा युवक से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि स्थानीय नागरिकों की जागरूकता और सतर्कता के कारण एक संभावित चोरी की घटना होने से पहले ही रोक दी गई।