नीमच। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान को संरक्षित रखने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार नवीन गर्ग को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रस्तावित संदीपनी स्कूल का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराने तथा मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग की गई। आप नेताओं ने बताया कि मैदान का उपयोग वर्षों से खेल प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय पर्वों, सामाजिक आयोजनों एवं आमजन की गतिविधियों के लिए होता रहा है।
आप के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि नीमच में इस तरह का प्रमुख बहुउद्देशीय मैदान उपलब्ध नहीं है, इसलिए इसे संरक्षित रखना जनहित में आवश्यक है। उन्होंने मैदान में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. राजू पाल, प्रदेश अध्यक्ष बालचंद वर्मा, जिला संगठन मंत्री चंद्रेश सेन सहित आप कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई।