नीमच। नीमच से करीब 12 किलोमीटर दूर भवरासा सांधे के यहां रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बोतलगंज, मंदसौर निवासी हकीम पिता फखरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पलसोड़ा निवासी अनिल पिता गोपाल मालवीय घायल हो गए। घायल अनिल को एंबुलेंस की मदद से नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया गया कि हकीम व्यापारिक सिलसिले में नीमच आए थे। हादसे के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि हकीम की जेब में करीब 80 हजार रुपए रखे हुए थे, जो दुर्घटना के बाद गायब हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर रुपए बरामद करने तथा दोषी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू की। मृतक का शव नीमच जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ ही रुपए गायब होने की शिकायत की भी जांच कर रही है।