नीमच। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर शहर में आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तेज बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का जोश कम नहीं हुआ। टैगोर मार्ग पर गणपति बप्पा की प्रतिमाएं लेने पहुंचे श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नाचे और झूमे। हर ओर गूंजते ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
टैगोर मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालु गणेश प्रतिमाएं लेकर अपने घरों की ओर रवाना होते दिखाई दिए। बारिश लगातार होती रही, लेकिन बप्पा को घर ले जाने की खुशी में लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। कई श्रद्धालु परिवार के साथ प्रतिमा लेने पहुंचे, वहीं युवाओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया।
बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक हर कोई गणेशोत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कई स्थानों पर परिवारों ने विधि-विधान से गणपति प्रतिमा लेकर घर की ओर प्रस्थान किया। बारिश के बीच भक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं का यह दृश्य राहगीरों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।
तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह ने गणेश चतुर्थी के उत्सव में चार चांद लगा दिए। टैगोर मार्ग का यह नजारा शहर में गणेशोत्सव की उमंग और भक्तिभाव को दर्शाता नजर आया।