नीमच। 66 वीं राज्य स्तरीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता दिनांक 26 से 29 नवम्बर तक महू नाका तरण ताल इंदौर में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में नीमच के 5 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 मैडल झटके।
नीमच के स्टार खिलाड़ी सिद्धांत सिंह जादोन ने 3 गोल्ड, अनुष्का श्रीवास्तव ने 2 गोल्ड, 1 सिल्वर, इनके अलावा तैराकी में नये चेहरे पृथ्वी राज सिंह ने 4 ब्रांज मैडल एवं अंजनी सिंह, वंशिका चतुर्वेदी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत कुल 10 मैडल पर नीमच के 5 खिलाड़ियों ने कब्जा किया।
वाटर स्पोर्ट्स मेंटर प्रभु मूलचंदानी ने बताया कि कोच आयुष गौड़ के सानिध्य में अब तक की सबसे छोटी टीम का धमाकेदार प्रदर्शन रहा। पूल पर तैनात लाईफ गार्ड कोच आयुष गौड़, नीलेश घावरी, सुधा सोलंकी, अभिषेक अहीर एवं रोहित अहीर की कड़ी मेहनत एवं नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, सीएमओ गरिमा पाटीदार, तैराकी संघ एवं अशोक मोदी, स्विमफ्लाई स्पोर्ट क्लब सदस्य, पेरेंट्स एवं नपा पूल स्टाफ के सहयोग का नतीजा है। नीमच साल द साल अपना प्रदर्शन सुधार रही है।
मेंटर प्रभु मूलचंदानी ने बताया कि खिलाड़ियों का अगला लक्ष्य दिसम्बर 18 से 20 तारीख को होने वाली सीबीएसई वेस्ट ज़ॉन प्रतियोगिता पर है। जहां मप्र, राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़ एवं दादर नगर हवेली के खिलाड़ियों से इनकी टक्कर होगी। तत्पश्चात यूनिवर्सिटी नेशनल उड़ीसा जहां आदित्य प्रजापत एवं पूर्वा पंवार अपना दम दिखाएंगी।