चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय के अशोकनगर में स्थित बालाजी गार्डन (स्व किशन दास जी की बगीची) पर घट स्थापना के साथ नवरात्रि महोत्सव का आगाज किया गया। आगामी दिनों में गरबा डांडिया रास और विभिन्न कार्यक्रमों का हर्ष और उल्लास से आयोजन किया जाएगा। नवदुर्गा मित्र मंडल के तत्वाधान में उमंग कार्यक्रम की श्रृंखला में आयोजित होने जा रहे नौ दिवसीय कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अधिवक्ता अरविंद व्यास ने बताया कि गोधूलिक मुहूर्त में मां आदिशक्ति की प्रतिमा और घट स्थापना का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम से जुड़े ओमप्रकाश सोमानी, सत्यनारायण सुखवाल, आशीष माली, संजू माहेश्वरी सहित कार्यकर्ताओं ने पूजा अर्चना के साथ घट स्थापना की। इसके पश्चात माता की भव्य आरती का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्रवासी मौजूद रहे। रात्रि में बच्चों के लिए चेयर रेस और डांडिया रास का हुआ।
वहीं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी दिनों में युवा वर्ग, महिला वर्ग और बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिनमें डांडिया रास प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस डांडिया प्रतियोगिता के साथ 1 मिनट शो और माता की भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में लोगों से शामिल होने का निमंत्रण दिया है जिससे पूरी भव्यता के साथ कार्यक्रम को आयोजित किया जा सके।