सिंगोली। कस्बे में पहली बार नवरात्रि के मौके पर ब्रम्हा कुमारी संस्थान द्वारा 9 चैतन्य देवियों की आकर्षक झांकी सजाई गई है। झांकी को देखने के लिए बजरंग व्यायामशाला पर भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई है।
शुक्रवार रात इस आशय की जानकारी देते हुए ब्रम्हा कुमारी संस्थान की स्थानीय प्रभारी अंकिता दीदी ने बताया कि नवरात्रि का पावन उत्सव हमें हिंसक वृतियों पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने स्थापित सभी नौ देवियों के हाथों पर प्रदर्शित बाण, त्रिशूल, सुदर्शन चक्र और तलवार आदि अलग अलग शस्त्रों सहित अन्य वस्तुओं का रहस्य बताया।
उन्होंने बताया कि देवियों को अक्सर आठ भुजाओं के रूप प्रदर्शित किया जाता। ये भुजाएं उनमें व्याप्त आठ शक्तियों का प्रतीक होती है, जिनमे सामना करने की शक्ति सहित निर्णय करने, सहन करने, सहयोग करने, समेटने, परखने सामने और विस्तार को संकीर्ण करने की शक्तियां समाहित होती है। इसलिए नवरात्रि में हम इन आठ शक्तियों की आराधना कर अपने अंतकरण में व्याप्त विकृतियों और बुराइयों को मिटाने का प्रयास करते है।
अंकिता दीदी ने नवरात्रि व्रत का भी महत्व बताया, उन्होंने बताया कि नवरात्रि में व्रत का मतलब होता है, अपने अंदर व्याप्त बुराइयों को मिटाने का व्रत लेना, तथा हमारे अंदर किसी के लिए बुरा न सोचने, सबके कल्याण, सब का भला, सबको सुख और सहयोग देने का भाव पैदा करना है।
बतादें कि सिंगोली कस्बे में घट स्थापना के साथ ही नवरात्रि उत्सव और आराधना का दौर शुरू हो गया है। इस दौरान पूरे नौ दिनों तक कस्बे में अलग अलग स्थानों पर गरबों की धूम रहेगी।