नीमच। आदिवासी समाज द्वारा नीमच में महान योद्धा राणा पूंजा की जयंती धूमधाम के साथ मनाई जा रही है। राणा पूंजा की जयंती के अवसर पर आदिवासी समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा एक भव्य चल समारोह नीमच के अंबेडकर सर्किल से निकाला गया। चल समारोह की शुरुआत डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। आदिवासी लोकगीतों की स्वर लहरियों पर समाज के युवक और युवतियों ने जमकर नृत्य किया। चल समारोह, एक तीर एक कमान आदिवासी एक समान के नारों से गुंजायमान रहा। यह चल समारोह शबरी आश्रम पहुंचकर आमसभा में परिवर्तित होगा। यहां पर समाज के उत्थान के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। शबरी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे।
बताते चलें कि राणा पूंजा का शुमार मेवाड़ के महान भील योद्धा के रूप में होता है। वे सर्वसमाज के लिए प्रेरणा पुरुष माने जाते हैं। उन्हें भीलों का राजा भी कहा जाता है। सर्व समाज द्वारा चल समारोह का भगवानपुरा चौराहा पर पुष्पमाला से स्वागत किया गया।