नीमच। जिले के गांव चल्दू सगरग्राम के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक 22 वर्षीय गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला का नाम पूजा कुंवर पति दीपक सिंह राजपूत है। जो कि बिसलवास सोनगरा की रहने वाली थी। दुर्घटना आज दिन में करीब 03.30 बजे चल्दू सगरग्राम पुलिया के पास हुई है। पूजा कुंवर अपने पति दीपक सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थी।
परिवार जनों ने बताया कि पूजा कुंवर अपने पति दीपक सिंह के साथ मंदसौर अस्पताल में इलाज हेतु गई थी। वहां से पति-पत्नी दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर बिसलवास सोनगरा की और वापस आ रहे थे। रास्ते में सगरग्राम के यहां बने स्पीड ब्रेकर की वजह से गाड़ी धीमी की। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने लापरवाही पूर्वक टक्कर मार दी। पूजा कुंवर और पति दीपक सिंह को तुरंत जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया। यहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। दीपक सिंह का इलाज जिला चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में जारी है।
बताया जा रहा है कि पूजा कुंवर की शादी को सवा साल हुआ है। जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में परिजन पहुंच चुके थे। घटना की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। पूजा के शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में किया गया।