नीमच। जिले के जीरन निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति की सुबह सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई। मृतक का नाम इदरीस खां पिता मोहम्मद हुसैन है। वे जीरन के गांधीनगर निवासी थे।
परिवार के सदस्य बहादुर बेग ने बताया कि इदरीस खां सुबह नमाज पढ़ कर अपने घर लौट रहे थे तभी पीछे से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी क्रमांक एमपी 44 सीबी 3730 ने इदरीस खां को तेज गति से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इदरीस खान 50 फीट की दूरी तक घसीटा गए। वहां मौजूद एटीएम के चौकीदार ओम प्रकाश नायक ने उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने इदरीस खान को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इदरीस खान का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। बड़ी संख्या में परिजन जिला अस्पताल पहुंच चुके हैं। घटना की सूचना के बाद जीरन में मातम पसर गया है। ड्राइवर का नाम भरत पाटीदार बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन जप्त कर थाने में खड़ा कर दिया है।