नीमच। शहर के ग्वालटोली निवासी ग्वाला समाज के व्यक्ति राज कुमिया की आत्महत्या के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने की दशा में आज ग्वाला समाज के लोगों ने एसपी ऑफिस का घेराव कर दिया।

महू-नसीराबाद रोड स्थित एसपी कार्यालय पर आज मंगलवार दोपहर में बड़ी संख्या में ग्वाल समाज के लोग पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर राज कुमिया की आत्महत्या के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान समाजजन एसपी से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। लेकिन काफी देर बाद एएसपी नवल सिंह सिसौदिया ने समाजजनों की बात सुनी और ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

आपकों बता दें कि गत 01 अक्टूबर को ग्वालटोली क्षेत्र में राज पिता मुकेश कुमिया निवासी ग्वालटोली ने आत्महत्या कर ली थी। उसके पास एक सुसाइड नोट भी मिला था जिसमें मृतक युवक ने प्रवीण यादव, ज्योति यादव, उर्मिला यादव, सुनिता यादव के द्वारा परेशान करने और आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए उकसाने की बात लिखी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधितों के खिलाफ तीन दिन में कार्रवाई करने की बात कही थी। लेकिन आज दिनांक तक कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्वाला समाज के लोगों ने आज बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंप उचित कार्रवाई की मांग की।
