देवास। नवरात्रि पर्व का उत्साह नगर में देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता टेकरी पर पहुंच रहे है। वहीं नगर के विभिन्न पंडालों में भी विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक कार्यक्रम व गरबों के आयोजन चल रहे है। इसी कड़ी में नवरात्रि के अवसर पर विक्रांत क्लब द्वारा मंगलवार की रात को स्थानीय सयाजी द्वार से भव्य व एतिहासिक चुनरी यात्रा निकाली गई। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सयाजी द्वार के समीप सिद्धि विनायक परिसर में भव्य मंच पर अतिथि के रूप में विधायक गायत्रीराजे पवार महाराज विक्रम सिंह पंवार, महापोर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल,शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, सभापति रवि जैन, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, भगवान सिंह चावड़ा, अनिलराज सिंह सिकरवार, विश्वजीत सिंह चौहान सहित कई पार्षदगण, करणी सेना के पदाधिकारी व गणमान्य जन मौजूद थे। अतिथियों का साफा बांधकर अभिनंदन किया गया। अतिथियों का स्वागत आयोजक विशाल रघुवंशी व संस्था के पदाधिकारियों ने किया। तत्पश्चात विभिन्न आकर्षणों से लेस चुनरी यात्रा प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए देर रात टेकरी पर पहुंची, जहां मां चामुण्डा एवं मां तुलजा भवानी का पूजन कर चुनरी अर्पित की गई। इस भव्य चुनरी यात्रा का आकर्षण का केंद्र केदारनाथ की झांकी तथा चलित फूल बंगले में विराजित मां तुलजा भवानी रही। साथ ही यात्रा में शामिल मथुरा थीम पर कृष्ण मंदिर,अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर झांकी एवं उसमें विराजित प्रभु श्रीराम की आकर्षक प्रतिमा, विशाल रूपी हनुमान जी की प्रतिमा, अहिल्या बाई की आकर्षक झांकी सहित स्केटिंग गरबा ने भी खासा आकर्षित किया। इसके अलावा नासिक के ढोल व मोरया बैंड महाराष्ट्र ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।चुनरी यात्रा का शहर में जगह-जगह अनेकों सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।