नीमच। शहर के बघाना थाना अंतर्गत बीती रात हुई घटना को लेकर सर्व समाज समरसता मंच और आदिवासी भील समाज द्वारा आज पुलिस अधीक्षक के नाम एसपी कार्यालय पर ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि नीमच की एकता कॉलोनी में घटित वारदात में वर्ग विशेष के असामाजिक तत्वों द्वारा वनवासी समाज की बस्ती में झगड़ा किया गया और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की गई। इस संबंध में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि यह घटना सुनियोजित तरीके से की गई थी। एकता कॉलोनी में हुई घटना से आदिवासी भील समाज और सर्व समाज आक्रोशित है। ज्ञापन में कहा गया है कि एकता कॉलोनी में बीती रात महिलाएं और बालिकाएं जब माता की आराधना कर रहे थे तो कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आपत्तिजनक हरकतें की गई। रोकने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई।इस मामले को लेकर एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि दो गुटों के बीच हुए विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच जारी है। घटना को लेकर ज्ञापन देने से पूर्व सर्व समाज की बैठक स्वर्णकार धर्मशाला में हुई। इसके बाद सर्व समाज और आदिवासी समाज के लोग रैली के रूप में एसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी कार्यालय पर सर्व समाज के लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। ज्ञापन देते समय पंडित शैलेश जोशी, सुनील खंडेलवाल, ललित ग्वाला, दिलीप छाजेड़,रोशन वर्मा, बालकृष्ण सोलंकी, बालचंद वर्मा, मितेश अहीर, पवन भील, गजेंद्र चावला, मुकेश पोरवाल, शांतिलाल पोरवाल, बबली शर्मा, नवीन खारोल, कैलाश मालवीय, बाबूलाल नागदा कमल शर्मा लक्ष्मी नारायण नागदा, आदिवासी समाज और सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।