मोरवन। नीमच जिले के कई क्षेत्रों में कल रात से जोरदार बारिश का दौर जारी है। पिछले दिनों से बंद वर्षा के बाद मोरवन बांध की चादर भी रूक गई थी। लेकिन कल रात में हुई झमाझम से एक बार फिर डेम की चादर चल गई है। बांध के लबालब भरने से मोरवन की रपट पर भी करीब 5 फीट पानी आ गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

इस दौरान एक ट्रक ड्राइवर ने वाहन को निकालने का प्रयास किया तो वह बीच रास्ते में ही फंस गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रक को निकालने के प्रयास शुरू हुए। आज सुबह से ही नदी किनारे ग्रामीणों का जमावड़ा लगा हुआ है। कल से जारी झमाझम के बाद करीब 2 फीट पानी की आवक बांध में होने की जानकारी मिली है।
