सिंगोली। कस्बे में बुराई पर सच्चाई का प्रतीक विजय दशमी का पर्व बड़े हर्षाेल्लास से मनाया गया। शनिवार देर रात करीब पौने 11 बजे मंडी परिसर में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इससे पूर्व मंडी प्रांगण पर बजरंग व्यायाम शाला के करतब बाजों ने आश्चर्य जनक करतब दिखाए। इस दौरान अतिशबाजी भी की गई, जिससे आसमान जगमगा उठा। हजारों की तादाद में इक्कठा हुए लोगों ने आतिश बाजी का नजारा देखा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए क्षेत्रीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने नगर निकाय, परिषद अध्यक्ष और सभी प्रतिनिधियों को बधाई दी। इस मौके पर सखलेचा के अलावा नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, जिला भाजपा महामंत्री अशोक कुमार सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और निकाय कर्मचारी मौजूद थे।