सरवानिया महाराज। शहर में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी दशहरा उत्सव रावण दहन के साथ मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व पर रावण दहन को बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह से देखा।
मुख्य आयोजन नगर परिषद द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीएम राइज परिसर स्कूल मैदान में आयोजित किया गया, जहां आंखें लाल पीली दिखा रहे दंभी रावण के 51 फिट पुतले को श्री राम ने आग के हवाले कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, जनपद जावद अध्यक्ष गोपाल चारण, भाजपा मण्डल अध्यक्ष अर्जुन माली, नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन, उपाध्यक्ष रामलाल राठौर, सीएमओ गिरीश शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष भूपेश कुमार देवडा व पार्षदगण रहे।
शुरुआत में नगर परिषद द्वारा आयोजित आर्केस्ट्रा के रंगारंग कार्यक्रम से हुई जिसमे आरबीएम डांस ग्रुप भोपाल, जवाहर मलखम ग्रुप इंडियाज, गोट टैलेंट रतलाम, कॉमेडियन अमित सोनी, मुन्ना मास्टर जूनियर अमिताभ बच्चन द्वारा एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सर्वप्रथम आरबीएम डांस ग्रुप भोपाल ने गणेश वंदना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सिंगर जीतू चौहान इंदौर ने फिल्मी गीत सुना कर खूब तालियां बटोरी। आरबीएम डांस ग्रुप भोपाल के कलाकारो ने फिल्मी गीतों की धुनों पर थिरकते हुए प्रस्तुतियां दी। कॉमेडियन अमित सोनी ने फिल्मी कलाकारों की मिमिक्री कर तालियां बटोरी। मुन्ना मास्टर जूनियर अमिताभ बच्चन ने गानों की सेम एक्टिंग कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया जिसका देर रात तक लोगो ने खूब लुप्त उठाया। इसी बीच नगर परिषद द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा भी की गई।
श्री राम लक्ष्मण हनुमान रहे आकर्षण का केंद्र
श्री चारभुजा नाथ मंदिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान जी शहर भ्रमण कर दशहरा उत्सव मेदान पहुंचे जहां पर अतिथियों द्वारा अगवानी कर स्वागत किया। जंहा भगवान श्रीराम ने रावण के पुतले का दहन किया। पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। रावण का पुतला देखते-देखते आग की लपटों में जलकर ध्वस्त हो गया । इस भव्य कार्यक्रम में शहर और आसपास सहित ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। पुलिस प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो।