नीमच। शहर के जिला चिकित्सालय और निजी अस्पतालों में डेंगू मलेरिया वायरल और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। घर-घर में लोगों के बीमार होने की खबरें आ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में विभिन्न रोगों से पीड़ित करीब 700 से 800 मरीज़ रोज़ पहुंच रहे हैं।

वहीं निजी अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में रोगी दिखाई दे रहे हैं। खास कर डेंगू और चिकनगुनिया के लक्षण वाले मरीजों की संख्या का बढ़ना चिंतनीय है। डॉक्टर्स अतिरिक्त सतर्कता बरतने और तुरंत चिकित्सकों को बताने की सलाह दे रहे हैं। गनीमत यह है कि अभी तक इन बीमारियों के चलते नीमच में किसी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। लेकिन डॉक्टर्स ने इस तरह से मरीजों की बढ़ती हुई भीड़ को चिंता का विषय बताया है। एहतियात बरतने के लिए साफ सफाई और मच्छरों की रोकथाम को बहुत जरूरी उपाय बताया जा रहा है। चिकित्सकों ने जो बात कही, उसे हमारे दर्शकों को जानना और उस पर गंभीरता से ध्यान देना बहुत जरूरी है।
