नीमच। शहर में गुरुवार रात शरद पूर्णिमा पर मशाल जुलूस निकाला गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाज के युवा प्रताप चौक पर इकट्ठे हुए। यहां से ढोल की थाप पर युवाओं ने भगवान राम का जयघोष किया। जुलूस के दौरान सुरक्षा बंदोबस्त भी था।
जुलूस प्रताप चौक नृसिंह माता मंदिर से प्रारंभ हुआ जो नया बाजार, ग्वाल मोहल्ला, पीपली चौक आदि प्रमुख मार्गों से होते हुए नृसिंह मंदिर तक पहुंचा। यहां मशाल जुलूस का समापन हुआ। जुलूस से पहले मार्ग पर लगी सभी स्ट्रीट लाइटों को बंद करवा दिया था। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी परंपरा को निभाते हुए जुलूस के गुजरने वाले मार्गों पर आने वाले घरों और दुकानों की लाइट्स को बंद कर दिया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम ममता खेड़े, तहसीलदार संजीव मालवीय, सिटी थाना प्रभारी विकास पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहे।