चित्तौड़गढ़। जिले में जरूरतमंद निराश्रित, असहाय एवं वृद्धजनों की सेवार्थ सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सहयोग से रिद्धि सिद्धि सेवा संस्था द्वारा जारी मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह जागरूकता पोस्टर का गुरूवार 17 अक्टूबर को सदर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह द्वारा विमोचन किया गया।
रिद्धि सिद्धि सेवा संस्था के संस्था प्रधान भैराराम चौधरी ने बताया कि अगस्त 2023 से संचालित इस संस्थान द्वारा जिले में जरूरतमंद आवश्यकता वाले निराश्रित, असहाय एवं वृद्धजनों की सेवा का कार्य मुख्यमंत्री पुनर्वास केंद्र के माध्यम से किया जा रहा है। इस सेवा कार्य में आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर पोस्टर का विमोचन किया गया।
इस दौरान थाना अधिकारी गजेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस सदैव आमजन की सेवा में तत्पर है। बुजुर्ग नागरिकों की सेवा व संरक्षण को लेकर संचालित मुख्यमंत्री पुनर्वास केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने हर संभव आवश्यक मदद का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर सैंती चौकी इंचार्ज सहायक निरीक्षक मुरलीधर दास, हेड कांस्टेबल जगदीश, पुनर्वास केंद्र व्यवस्थापिका शोभा गर्ग के साथ ही ललिता उपाध्याय, देवीलाल, संजय मीणा आदि उपस्थित रहे।