नीमच में प्रशासन द्वारा अस्थाई दुकानदारों को हटाने का मामला तब तूल पकड़ गया,जब आज सुबह अस्थाई दुकानदार नीमच में सड़कों पर उतर आए। यह लोग भारत माता चौराहा पर इक्ट्ठा होकर प्रशासन,नगरपालिका और यातायात विभाग की कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस बीच एसडीएम ममता खेड़े, सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ, थाना प्रभारी पुष्पा चौहान, यातायात थाना प्रभारी उर्मिला सिंह चौहान, सोनू बडगूजर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आने से पहले अस्थाई दुकान संचालकों ने दुकानों को नहीं हटाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

अस्थाई दुकानदारों का कहना था कि हम मिडिल स्कूल ग्राउंड पर दुकान लगाने नहीं जाएंगे। बाजार हमेशा की तरह अगर यहां नहीं लगेगा तो फिर कहीं नहीं सजेगा। आज सुबह जब जेसीबी पहुंची तो अस्थाई दुकानदारों ने इस पर भी आपत्ति जताई। इनका सवाल था कि क्या हमने पक्का निर्माण कर रखा है? अस्थाई दुकानदार विधायक निवास पर पहुंच गए। तत्पश्चात विधायक दिलीप सिंह परिहार भी मौके पर पहुंचे।

एसडीम ममता खेड़े ने कहा कि हम किसी का भी रोजगार बंद करना नहीं चाहते। सभी की सुविधा के लिए कदम उठाया गया है। इस मामले को लेकर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि हमने प्रशासन से आग्रह किया है दीपावली का समय आ गया है, व्यवस्थाओं के अंतर्गत इस बार अस्थाई दुकानदारों को व्यवसाय निर्धारित सीमा में यहीं पर करने दिया जाए। देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच अस्थाई दुकानदारों को लेकर व्यवस्था बनाने में तय क्या हो पाता है।
