भोपाल। संत हिरदाराम नगर स्थित भगवान झूलेलाल के प्राचीन मंदिर में प्रत्येक शुक्रवार को होने वाले चण्डु (थारु) के विशेष पूजा समारोह में इस बार श्रद्धालुओं ने उमंग और श्रद्धा के साथ भाग लिया। एच वार्ड में आयोजित इस पूजा में पूज्य बहिराणा साहब की ज्योति प्रज्वलित कर भजन कीर्तन और आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पुरषोत्तम हरचंदानी और उनके परिवार ने किया। शाम 7 से 8रू30 बजे तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए भगवान की आराधना की और देश की खुशहाली तथा समाज के उत्थान की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि बहिराणा साहब की पूजा का विशेष महत्व है। हाल ही में 16 जुलाई से 24 अगस्त तक चलने वाले चालीसा महोत्सव में वेदांत संत लालसाईं जी ने बहराणा साहब को श्रद्धा के साथ माथे पर रखकर पूजा की थी। पूजा में शामिल सामग्री में ज्योत, मिश्री, फोटा, फल, लौंग और अखो शामिल हैं, जिन्हें श्रद्धा पूर्वक अर्पित किया गया। सवेरे चावल और चीनी से बनी मीठी डिश अखो चढ़ाई जाती है, जबकि शाम को पूजा के बाद बहराणा साहब का विसर्जन नदी या समुद्र में किया जाता है।