नीमच। शहर के समीप गांव गिरदौड़ा में कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना दिन में करीब 4 बजे की है। परिवारजनों से मिली जानकारी के अनुसार भगवती बाई पति कंवरलाल उम्र 60 वर्ष जाति मेघवाल निवासी गांव बत्तीसखेड़ा तहसील मनासा और उनके पुत्र विनोद पिता कंवरलाल उम्र 33 वर्ष को गांव गिरदौड़ा में स्थित बालाजी मंदिर के यहां एक स्विफ्ट कार चालक ने टक्कर मार दी। कार की रफ्तार तेज़ होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और पलटी खा गई।
परिजनों ने बताया कि भगवती और विनोद प्लेटिना मोटरसाइकिल से गिला अस्पताल में अपने परिचित से मिलने आ रहे थे।तभी स्विफ्ट कार से टक्कर हो गई।जिसके कारण वृद्ध महिला भगवती के सिर और हाथ पैरों में चोटे आई है। घायलो को नीमच जिला चिकित्सालय में 108 एंबुलेंस द्वारा लाया गया। प्राथमिक उपचार के पश्चात यहां से भगवती को रेफर कर दिया गया है। वही स्विफ्ट कार सवार कुलदीप पिता दिनेश 22 वर्ष जाति जाटव निवासी गिरदौड़ा, दीपक पिता त्रिलोक जाटव उम्र 20 वर्ष भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें भी जिला चिकित्सालय लाया गया है। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।