नीमच। शहर में दीपोत्सव से पहले आज शुक्रवार को भयानक हादसा हो गया। बंगला नं. 25 स्थित एक गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की इस घटना में लाखों रूपये का माल जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका सहित अन्य विभागों की दमकलें व अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और आग पर काबू पाने की कवायद की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगला नं. 25 स्थित संजीवनी नर्सिंग होम के पास तीन गोदामों में आग लगी है। हिमांशु रोड लाइंस, बा्रइट हैंडलूम और जैन हार्डवेयर संस्थानों के इन गोदामों में रखा लाखों रूपये का माल आग लगने से स्वाह हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही एडीएम ममता खेड़े, नायब तहसीलदार जागृति जाट सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच चुकी है। जनता के सहयोग से आग बुझाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।