सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार से रुद्राक्ष महोत्सव का आगाज हो गया है। यह महोत्सव 3 मार्च तक चलेगा। इसके लिए विट्ठलेश सेवा समिति और प्रशासन ने इस आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
महोत्सव को लेकर दो दिन पहले से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। रविवार रात तक पंडाल और डोम श्रद्धालुओं से भर गए। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा पंडाल की भोजनशाला में हजारों श्रद्धालुओं को नुक्ती, मिक्चर, रोटी, सब्जी और खिचड़ी-चावल का प्रसाद वितरण करेंगे।
प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुति
महोत्सव में 27 फरवरी और 1 मार्च को प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से 2000 से अधिक सेवादार व्यवस्था के लिए पहुंचे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
25 एकड़ में बनाया पंडाल
आयोजन स्थल पर 25 एकड़ में विशाल कथा पंडाल बनाया गया है। भोजन-प्रसादी के लिए 11 एकड़ में विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर को आकर्षक बनाने के लिए बंगाल से विशेष कलाकारों को बुलाया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए चलाई विशेष ट्रेन
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 60 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक लाइटिंग की गई है। हाईवे से कथा स्थल तक 40-40 फीट के एक दर्जन से अधिक रोशनी युक्त गेट बनाए गए हैं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आईसीयू की भी व्यवस्था की गई है। रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई हैं।
40 क्विंटल बैंगन और 60 क्विंटल आलू आए
कुबेरेश्वरधाम पर निशुल्क भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए सोमवार को यहां पर 40 क्विंटल बैंगन और 60 क्विंटल आलू बुलाए गए थे। इसी तरह आने वाले दिनों में भी भोजन प्रसादी के लिए इसी तरह सब्जियां लाई जाएंगी। यहां पर हर रोज 1 लाख लोगों के भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।
कुबेरेश्वरधाम में 7 दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव के लिए रविवार शाम से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। जो सोमवार को भी दिनभर चलता रहा। हालत यह हो गई है कि दिन भर आने वाले श्रद्धालुओं की कतार टूटने का नाम ही नहीं ले रही थी। सोमवार शाम तक कथा स्थल पर लगे तीनों डोम फुल हो गए थे।
भीड़ को देखते हुए डायवर्ट किया ट्रैफिक
भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। सुबह 8 बजे से भोपाल से इंदौर तरफ जाने वाले वाहनों को क्रिसेंट रिसोर्ट चौराहा से डायवर्ट कर परिवर्तित मार्ग से भेजा गया, जबकि इंदौर से आने वाले वाहनों के लिए फोरलेन चालू रखा गया। मंगलवार को भीड़ देखकर रूट चार्ट बदला जाएगा। रुद्राक्ष महोत्सव में कथा की शुरुआत 25 फरवरी से होगी। इसबार पीछे की तरफ भी काफी टेंटल गाए हैं, ताकि लोगों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था हो सके।
तीन हजार पुलिस जवान तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यहां तीन हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात है। आसपास के जिलों से भी बल बुलाया है। जवान हर प्वाइंट पर तैनात है, ताकि कोई अव्यवस्था न हो। कुबेरेश्वर धाम पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। इमरजेंसी के लिए आईसीयू भी तैयार किया गया है।