नीमच। 3 सितम्बर को उज्जैन में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नीमच जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। गवर्नमेंट हायर सेकंडरी स्कूल, देवरी खवासा से रिकॉर्ड 30 खिलाड़ी छात्र-छात्राएँ इस प्रतिस्पर्धा में शामिल हुए।
टीम मैनेजर वीरेन्द्रसिंह तँवर और कोच सुनील सोलंकी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन किया। छात्राएँ उर्मिला गुर्जर और शिवानी गुर्जर ने कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया, जबकि परवीनसिंह, राधिका कुशवाह और वैशाली ने तीन-तीन इवेंट्स में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
ग्राम देवरी खवासा के अशोक गुर्जर (पुत्र शांतिलाल गुर्जर) ने अपने पहले ही प्रयास में शानदार प्रदर्शन कर भोपाल में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
एथलेटिक्स के साथ-साथ शतरंज में भी विद्यालय के छात्र-छात्राएँ पीछे नहीं रहे। रिया (पुत्री गोविन्दराम पाटीदार) और पायल (पुत्री समरथ गुर्जर) का चयन 9 सितम्बर को उज्जैन में होने वाली संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय परिवार और प्राचार्य ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।