नीमच। जिले के जीरन में दशहरा उत्सव समिति के मंच पर हुए अश्लील डांस को लेकर उठा विवाद हिंसक रूप ले चुका है। इस घटना में कांग्रेस पार्षद पुष्पेंद्र सिंह सोनगिरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात नगर परिषद जीरन में दशहरा मेले के दौरान महिला कलाकारों ने कथित रूप से कम कपड़ों में फिल्मी गानों पर डांस किया, जिसमें एक युवक भी मंच पर नाच रहा था। इसी दौरान रात करीब 12 बजे जीरन निवासी भेरूलाल अहिरवार ने इस पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर मंच पर मौजूद वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद पुष्पेंद्र सिंह सोनगिरा से उनकी कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद भेरूलाल अहिरवार ने थाने पहुंचकर पार्षद सोनगिरा के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई।
शनिवार शाम इस मामले का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें पार्षद सोनगिरा युवक से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
पार्षद सोनगिरा ने आरोपों को झूठा और राजनीतिक प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि अहिरवार ने बिना कारण विवाद किया और उनके साथ भी हाथापाई की।
जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि अश्लील डांस को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन मारपीट के आरोप में कांग्रेस पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।