निम्बाहेड़ा। रेगर समाज प्रतिभा विकास संस्थान, ब्लॉक निम्बाहेड़ा के तत्वावधान में आयोजित प्रथम क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बाड़ी ग्राम में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बड़ौली की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर संयम चपलोत, देवीलाल कुमावत, दिलीप कुमावत, शिवनारायण वैष्णव, कैलाश जाट, नाथूलाल कुमावत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कैलाश आर्य, प्रकाश शेरसिया, प्रकाश रेगर एवं विजेश सुकरिया की भूमिका सराहनीय रही।
उद्घाटन अवसर पर बाड़ी सरपंच गोपाल रेगर द्वारा पूर्व जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बड़ौली का स्वागत किया गया। उद्घाटन मैच बाड़ी व लसड़ावन टीमों के बीच खेला गया, जिसका टॉस भूपेंद्र सिंह बड़ौली ने करवाया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति का मन शुद्ध और सच्चा होना ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने संत रविदास जी के संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए समाज में एकता और भाईचारे पर जोर दिया।
उन्होंने मेवाड़ की सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए बाबा रामदेव जी, वीर तेजाजी और गोगा जी जैसे लोकदेवताओं की शिक्षाओं को याद किया और युवाओं को मेहनत, संघर्ष और एकजुटता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं युवा उपस्थित रहे, जिससे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।