नीमच। आराध्य देव भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के अवसर पर नीमच शहर पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। पंचवटी स्थित बड़े परशुराम धाम के भक्तों द्वारा रविवार सुबह भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसने पूरे शहर को धर्ममय वातावरण से गुंजायमान कर दिया।
वाहन रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो अपने-अपने वाहनों पर धर्म ध्वज लहराते हुए “जय परशुराम” के जयघोष कर रहे थे। रैली एलआईसी स्थित परशुराम महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पंचवटी धाम पहुंची।
रैली के दौरान पूरे मार्ग में भक्तिभाव, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पंचवटी धाम पहुंचकर भगवान परशुराम जी की आरती कर पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के अंत में पंचवटी धाम में विद्वान वक्ताओं द्वारा भगवान परशुराम जी के जीवन, उनके पराक्रम एवं आदर्शों पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया जाएगा। साथ ही सकल ब्राह्मण समाज द्वारा समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा तथा 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया जाएगा।