केसुंदा। मां विंध्यवासिनी मंदिर के प्रांगण में चल रही श्रीराम कथा के दौरान श्री सीताराम विवाह प्रसंग पर मानव सेवा और सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। मंदिर के पुजारी पंडित प्रदीप नागदा एवं कथा वाचक पंडित प्रकाश मेनारिया की पहल पर दिव्यांग राजाराम बैरागी निवासी तलाऊ, कुकड़ेश्वर (मध्यप्रदेश) को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भेंट की गई।
कथा के दौरान राजाराम बैरागी की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी पंडित प्रकाश मेनारिया को मिली। इसके बाद उन्होंने श्रीराम कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करना ही सच्ची सेवा है।
भक्तों के सहयोग से एकत्रित राशि से सिलाई मशीन खरीदकर राजाराम बैरागी को भेंट की गई। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे श्रीराम कथा की भावना और मानवता का सुंदर उदाहरण बताया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित प्रदीप जी नागदा, कथा वाचक पंडित प्रकाश मेनारिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।