नीमच। इनरव्हील क्लब, नीमच की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रोटरी हॉल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव पहुंचाने तथा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के कार्यों को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा एवं सचिव प्रेरणा शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिम्मी सलूजा एवं सचिव अलका श्रीवास्तव को विधिवत कार्यभार सौंपा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, चित्रा परिहार एवं संगीता जोशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, क्लब प्रार्थना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सिम्मी सलूजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि इनरव्हील क्लब केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की भावना से जुड़ा एक परिवार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी पूर्व पदाधिकारियों द्वारा स्थापित सेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी कार्य करेगी।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा एवं सचिव प्रेरणा शर्मा ने गत वर्ष आयोजित विभिन्न सेवा गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी साझा की।
समारोह के दौरान श्रीराम भक्त मंडल प्रभात फेरी के सदस्यों को 15 बरसातियां (रेनकोट) वितरित किए गए। साथ ही एक जरूरतमंद व्यक्ति को ट्रायसाइकिल एवं एक अन्य हितग्राही को साइकिल भेंट कर सेवा कार्यों की परंपरा को आगे बढ़ाया गया।
कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष हेमांगिनी त्रिवेदी एवं तृप्ति दुआ ने किया। समारोह में क्लब की सदस्याओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही।