उज्जैन। भगवान महाकाल की सावन सवारी के दौरान शहर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और यातायात जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन में बदलाव करने का निर्णय लिया है। 3 अगस्त से 31 अगस्त तक उज्जैन शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सोमवार को अवकाश रहेगा, जबकि उसकी भरपाई के लिए रविवार को नियमित कक्षाएं लगेंगी।
सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है। इस वर्ष भगवान महाकाल की कुल छह सवारियां निकाली जाएंगी। इनमें सावन माह में चार सवारियां 3, 10, 17 और 24 अगस्त को निकलेंगी। इसके बाद भादौ माह में 31 अगस्त को पांचवीं सवारी और 7 सितंबर को राजसी (शाही) सवारी निकाली जाएगी।
31 अगस्त तक सोमवार को अवकाश, रविवार को स्कूल
जिला प्रशासन के निर्णय के अनुसार 31 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार को स्कूल बंद रहेंगे और उससे एक दिन पहले रविवार को स्कूल संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था केवल उज्जैन शहर के सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगी। वहीं 7 सितंबर को निकलने वाली राजसी (शाही) सवारी के दौरान हर वर्ष की तरह पूरे जिले में अवकाश घोषित किया जाएगा। ऐसे में अंतिम सवारी के दौरान रविवार और सोमवार दोनों दिन स्कूल बंद रहेंगे।
भीड़ और जाम से बचाने के लिए फैसला
प्रशासन के अनुसार महाकाल की सवारी के दौरान लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे बच्चों और अभिभावकों को परेशानी होती है। इसी कारण हर वर्ष सवारी वाले दिन स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाता है और उसकी भरपाई रविवार को कक्षाएं लगाकर की जाती है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग जल्द ही औपचारिक आदेश जारी करेगा।
इन मार्गों से निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी
भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी शाम 4 बजे मंदिर के सभा मंडप में पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ होगी। इसके बाद सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी, जहां पूजन-अर्चन होगा। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती समाज मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होते हुए पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
कलेक्टर ने दी जानकारी
उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सावन माह में महाकाल की सवारी के दौरान स्कूल संचालन की व्यवस्था हर वर्ष की तरह ही रहेगी। इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जाएंगे।