नीमच। शहर के नीमच सिटी थाना क्षेत्र के मालखेड़ा चौराहे पर शुक्रवार शाम भयानक सड़क हादसा हो गया। बर्डिया जागीर मनासा तहसील निवासी सुनील ओढ़ की स्कूटी को डीजल टैंकर ने टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना के दौरान सुनील मालखेड़ा चौराहे पर रोड क्रॉस कर रहा था। तभी राजस्थान के निम्बाहेड़ा की तरफ से आ रहे टैंकर से ये हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि सुनील टैंकर के नीचे फंस गया। टैंकर के पहिए उसके दोनों पैरों पर से गुजर गए। इस सड़क हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने टैंकर को सरकाकर घायल युवक को बाहर निकाला। एंबुलेंस से उसे तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां युवक का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
