नीमच। अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 220 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और एक बोलेरो पिकअप वाहन (नं. एमपी 44 जीए 2407) जप्त किया है। जब्त माल और वाहन की कुल कीमत 29 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया और एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 2-3 सितंबर की रात पुलिस चौकी डीकेन और थाना रतनगढ़ की संयुक्त टीम ने डीकेन-रतनगढ़ आम रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 220 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। वाहन चला रहा आरोपी राकेश पिता मोहनलाल भील (26) निवासी ग्राम जनकपुर, पुलिस चौकी डीकेन थाना रतनगढ़, जो नीमच कैंट और जावद थानों में 10 हजार रुपये का ईनामी कुख्यात आरोपी है, को मौके से गिरफ्तार किया गया।

आरोपी से पूछताछ में सामने आए साथी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा उर्फ रतनलाल पिता कालूराम माली निवासी ग्राम जनकपुर को भी तस्करी में सह आरोपी बनाया गया है। हालांकि वह फरार है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रतनगढ़ में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

गिरफ्तार आरोपी-
- राकेश पिता मोहनलाल भील, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम जनकपुर, थाना रतनगढ़ (नीमच)।

फरार आरोपी-
कन्हैयालाल उर्फ कान्हा उर्फ रतनलाल पिता कालूराम माली, निवासी ग्राम जनकपुर, थाना रतनगढ़ (नीमच)।

सराहनीय योगदान-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक वीरेन्द्र झा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
