कुकड़ेश्वर। नगर में आज करवा चौथ के अवसर पर बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए महिलाएं इस व्रत को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाती हैं। व्रत की तैयारी को लेकर महिलाओं ने साड़ी, सिंगार सामग्री, करवे और मिठाइयों की खरीदारी की, जिससे बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
इस बार करवा चौथ पर बस स्टैंड से लेकर सदर बाजार, नीम चौक बाजार तक हर जगह महिलाओं की भीड़ नजर आई। सोने-चांदी की दुकानों पर भी भारी भीड़ उमड़ी, जहां महिलाएं चांदी-सोने की बिछिया, पायजेब और चूड़ियां खरीदने के लिए लंबी कतारों में नजर आईं। पूरे नगर में त्योहार का उल्लास देखते ही बनता था।
सुहागिन महिलाओं की भीड़ के कारण नगर का मुख्य बाजार गुलजार नजर आया। दुकानों पर मेंहदी लगवाने, चूड़ी पहनने और पूजा सामग्री लेने के लिए महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। करवा चौथ का यह पावन पर्व नारी के प्रेम, समर्पण और आस्था का प्रतीक बनकर पूरे नगर में उत्साह और उमंग का माहौल लेकर आया।