गरोठ। गरोठ-बोलिया-सिहलेगढ़ मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार एक कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हुई, जिससे बोलिया निवासी युवक की मौके पर मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए गरोठ सिविल अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक राजस्थान के भवानीमंडी क्षेत्र के ग्राम भैंसानी का रहने वाला है, जिसने लापरवाही से वाहन चलाते हुए लगातार तीन जगह टक्करें मारीं। बताया गया कि कार पुलिया पर चढ़कर दो से तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मारती हुई नदी के पास जा गिरी, जिससे कुछ लोग नदी में गिर गए। गोताखोरों की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने कार में आग लगा दी। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।