मंदसौर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण हादसे में एम्बुलेंस पुलिया से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सीतामऊ तहसील के ग्राम सेदरा माता के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस (एपी-39-यूजेड 5726) मरीजों को छोड़कर अहमदाबाद से सिलिगुड़ी लौट रही थी। रात करीब 12 बजे पुलिया से नीचे गिरने के बाद वाहन झाड़ियों में फंस गया, जिससे रातभर किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।

शनिवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने पुलिया के नीचे एम्बुलेंस देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला, जो रातभर एम्बुलेंस में फंसा रहा। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे ट्रैक्टर की मदद से खींचकर बाहर निकाला गया।

हादसे में अबीर और शिबू, दोनों निवासी पश्चिम बंगाल, की मौत हो गई। घायल चालक अजीनूर हक (28) पुत्र अजीनूर, निवासी कुंज विहार, सिलीगुड़ी बताया गया है। तीनों एम्बुलेंस स्टाफ थे और अहमदाबाद में मरीज को छोड़कर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
