नीमच। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन (इंडिया) के नेतृत्व में जिले के सभी एलपीजी वितरक अपनी एक सूत्रीय मांग के समर्थन में आज बुधवार 29 अक्टूबर 2025 को शाम 7 बजे कैंडल मार्च निकालेंगे। यह मार्च शहर के यातायात थाना से प्रारंभ होकर कमल चौक होते हुए फोरजीरो चौराहे पर समाप्त होगा।
जिला अध्यक्ष जुल्फिकार बारूदवाला (जुल्फी इंडेन, डीकेन) ने जानकारी देते हुए बताया कि देशभर के एलपीजी वितरक होम डिलीवरी एवं सेवा प्रभार में वृद्धि की मांग को लेकर 24 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलन के प्रथम चरण में एलपीजी वितरकों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव को ज्ञापन सौंपा था। उसी क्रम में आज द्वितीय चरण के तहत शांतिपूर्ण मोमबत्ती/मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।