नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले के ग्राम जावी निवासी 16 वर्षीय किशन भाटी की रहस्यमयी मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। किशन 15 अक्टूबर को आधार कार्ड अपडेट करवाने नीमच गया था, लेकिन वह फिर घर नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि किशन का मोबाइल उस दिन लगातार “नो रिप्लाई” बता रहा था। शाम तक कोई पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर लोकेशन मंदसौर के लाभमुनी नेत्र चिकित्सालय, सीतामऊ रोड के पास मिली।

इसके बाद हुई तलाश में पुलिस और परिवार को बड़ा झटका लगा, जब कृषि महाविद्यालय, मंदसौर के एक कुएं से किशन का शव बरामद हुआ। 17 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना को अब 20 दिन से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। किशन के पिता पारसमल भाटी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए जांच में तेजी लाने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

परिवारजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस जांच धीमी गति से चल रही है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस घटना को लेकर समाज और परिजनों में गहरा आक्रोश है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, गृहमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से भी हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि किशन के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।
