मंदसौर। शहर के गांधीनगर क्षेत्र में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलोनी के गार्डन में लगभग साढ़े 5 फीट लंबा सांप दिखाई दिया। स्थानीय रहवासियों ने तुरंत सर्प मित्र कमल दास बैरागी को सूचना दी। सूचना मिलते ही कमल दास मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह सांप अलंकार प्रजाति का था, जिसे सांपों की सबसे सुंदर और दुर्लभ प्रजातियों में गिना जाता है। सर्प मित्र कमल दास ने बताया कि यह निर्दाेष (नॉन-वेनमस) प्रजाति है, जो मनुष्यों को नुकसान नहीं पहुंचाती, लेकिन छेड़छाड़ करने पर काट सकती है।
कमल दास ने बताया कि वे अब तक साढ़े तीन हजार से अधिक सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं और वर्षों से वन्यजीव संरक्षण एवं जनजागरूकता का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा न लें, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं।
उन्होंने कहा कि कई बार लोग भ्रम में निर्दाेष सांपों को मार देते हैं, जबकि वे पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि सांप दिखाई देने पर तुरंत सर्प मित्रों या वन विभाग को सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से बचाया जा सके।